दो साल बाद तय होगा किसका बीज खत्म होगा: मुख्यमंत्री सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
दो साल बाद तय होगा किसका बीज खत्म होगा: मुख्यमंत्री सुक्खू


दो साल बाद तय होगा किसका बीज खत्म होगा: मुख्यमंत्री सुक्खू


कुल्लू, 12 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को कुल्लू में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह इन दिनों भारी तनाव में हैं और उनकी ही पार्टी के भीतर एक गुट उन्हें पद से हटाने की कोशिश कर रहा है। सुक्खू ने आरोप लगाया कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए जयराम ठाकुर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा इस समय कई गुटों में बंटी हुई है और पार्टी के भीतर ही जयराम ठाकुर को साइडलाइन करने की कोशिशें चल रही हैं। उनके अनुसार, भाजपा में कम से कम पांच गुट सक्रिय हैं, जो आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं। जयराम ठाकुर द्वारा कांग्रेस का बीज खत्म करने वाले बयान पर पलटवार करते हुए सुक्खू ने कहा कि जयराम पहले अपनी कुर्सी और पार्टी के अंदरूनी हालात को संभालें।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दो साल बाद क्या होगा, यह न तो जयराम जानते हैं और न ही कोई और यह तो समय और जनता ही तय करेगी कि किसका बीज खत्म होगा।

सुक्खू ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हिम केयर योजना को बंद नहीं कर रही है, लेकिन इसके क्रियान्वयन में पूर्व सरकार के दौरान गंभीर खामियां थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के तहत पुरुषों के भी बच्चेदानी के ऑपरेशन दर्शाए गए, जो गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपदा के समय भाजपा ने प्रदेश का साथ नहीं दिया और सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रही है और शिमला स्थित पार्टी कार्यालय में एक टीम कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने में लगी है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा अंदरूनी गुटबाजी में उलझी है, जबकि कांग्रेस सरकार प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story