मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की वॉकाथान को दी हरी झंडी
शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल एवं सांस्कृतिक क्लब शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को अपने सरकारी आवास ओक-ओवर शिमला से वॉकाथान को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वॉकाथान ओक-ओवर से इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला तक आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब बनाने का मुख्य उद्देश्य विभागीय कर्मचारियों में नियमित शारीरिक गतिविधियों, मानसिक स्वास्थ्य, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से कर्मचारियों को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्लब कर्मचारियों के बीच टीम वर्क, अनुशासन, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब के माध्यम से खेल प्रतियोगिताओं, एथलेटिक स्पर्धाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और कार्यस्थल के बाहर भी एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल बनाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि क्लब खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें निखारने के साथ पारंपरिक हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने का काम भी करेगा। इसके माध्यम से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने और विभागीय कर्मियों के बीच एकता व सद्भाव मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

