चंबा सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक
शिमला, 28 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के बनीखेत के समीप लाहड़ में पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं तथा दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने चंबा शहर के सुल्तानपुर मोहल्ले में भारी वर्षा के कारण आई अचानक बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया। इस घटना में दो पक्के मकान, 26 आवासीय भवन और एक दुकान क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेशवासियों से आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने तथा नदियों, नालों और मौसमी खड्डों से दूर रहने की अपील की।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने लोगों से बरसात के मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

