मुख्यमंत्री के जांगलिक सड़क दस दिन में खोलने के निर्देश, पुल निर्माण के लिए छह करोड़ रुपये सरकार देगी
शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार काे रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने हाल ही में हुए भूस्खलन के कारण अवरुद्ध जांगलिक सड़क का निरीक्षण कर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांगलिक सड़क को दस दिन के भीतर यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बागवानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और सरकार सड़क की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जांगलिक पुल के कार्य को पूरा करने के लिए चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने थैंटवाड़ी गांव में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं पुर्नबहाली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शुक्रवार बीती रात ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के भटवाड़ी पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक संगीत, लामण और नाटी के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री भी ग्रामीणों के साथ नाटी में शामिल हुए और स्थानीय गीत गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने महिला मंडलों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बरशील पुल को मोटरेबल बनाने का आश्वासन दिया और चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख रुपये तथा पेखा-दिऊदी महिला मंडल भवन के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। धमवाड़ी स्कूल को सीबीएसई में शामिल करने की घोषणा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत दिऊदी के प्रधान प्रशनलाल के घर रात्रि प्रवास किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें फाफरा, कोदे की रोटी, लाल चावल और राजमा सहित पारंपरिक व्यंजन परोसे। प्रधान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बाद सुक्खू पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने इस दूरदराज गांव में रात्रि प्रवास किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

