मुख्यमंत्री सुक्खू 1 से 3 अक्तूबर तक रोहड़ू, चिडग़ांव और रामपुर के दौरे पर
शिमला, 30 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अक्तूबर के अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत 1 से 3 अक्तूबर तक शिमला जिले के रोहड़ू, चिडग़ांव, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के तीन दिवसीय दौरे में विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों से संवाद तथा नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री एक अक्तूबर को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई) जाएंगे। यहां वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और ‘एंटी चिट्टा रैली’ को हरी झंडी दिखाकर उसमें भाग लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से चिडग़ांव पहुंचेंगे।
चिडग़ांव के नगर पंचायत मैदान में वे विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री इसके बाद संदाशु स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के विश्राम गृह पहुंचेंगे। शाम को वे ग्राम पंचायत दियुड़ी मायला के गांव भटवारी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी भटवारी में होगा।
दो अक्तूबर को मुख्यमंत्री गांव भटवारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे रामपुर के शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। मुख्यमंत्री नोग घाटी के लोगों के साथ भी संवाद करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री तकलेच और काशा गांव का दौरा करेंगे। काशा में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से बातचीत करेंगे। दो अक्तूबर की रात मुख्यमंत्री पट गांव में ठहरेंगे।
तीन अक्तूबर को मुख्यमंत्री पट गांव से नोगली जाएंगे और वहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई), रामपुर में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। यहां वे ‘एंटी चिट्टा रैली’ को हरी झंडी दिखाकर उसमें भी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में वे शिंगला हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से शिमला के अनाडेल हेलीपैड लौटेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

