होटल पीटरहॉफ बेचने की बात गलत, 100 कमरों का नया भवन बनाने की योजना : सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
होटल पीटरहॉफ बेचने की बात गलत, 100 कमरों का नया भवन बनाने की योजना : सुक्खू


शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सरकारी संपत्तियों को बेचने के भाजपा के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साफ किया है कि सरकार का पर्यटन निगम के होटल पीटरहॉफ को बेचने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने वीरवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार पीटरहॉफ को पहले से बड़ा और बेहतर बनाने की योजना पर काम कर रही है। नए पीटरहॉफ में कम से कम 100 कमरे बनाने की दिशा में विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार न तो भाजपा की तरह सरकारी संपत्तियां बेचेगी और न ही किसी को इन्हें लूटने देगी।

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह इस तरह के आरोप क्यों लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा पीटरहॉफ में पानी के रिसाव की समस्या है और भवन की हालत भी खराब हो चुकी है। पुराना पीटरहॉफ आग में जल गया था और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में नया पीटरहॉफ बनाया गया था। अब सरकार इससे भी बड़ा भवन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर 5,000 बीघा जमीन 99 साल के लिए एक करोड़ रुपये की लीज पर दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि इस जमीन का पंजीकरण भी नहीं कराया गया था।

शीतकालीन सत्र में वॉकआउट छोड़ चर्चा करे विपक्ष

विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार सरकार ने सबसे लंबा शीतकालीन सत्र रखा है। सरकार चाहती है कि भाजपा सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करे और बार-बार वॉकआउट न करे। उन्होंने कहा कि विपक्ष का पहले भी वॉकआउट करने का चलन रहा है। इस बार उसे सदन में अपनी बात रखने और चर्चा में हिस्सा लेने का अवसर इस्तेमाल करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वह दबाव में हैं और उनके विधायक दल में भी रोष है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शीतकालीन सत्र जल्दी आयोजित करने के पीछे एक प्रमुख कारण प्रदेश के पर्यटन सीजन को बचाना है। पर्यटन हिमाचल की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार नहीं चाहती कि विधानसभा सत्र के कारण पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हों। सत्र के समय को इस तरह तय किया गया है कि प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर कम से कम असर पड़े।

सोनिया गांधी की पुस्तक में राजनीतिक जीवन के अनुभवों का उल्लेख

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक 'एक अनुभव, एक यादें' पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें उन्होंने अपने अनुभवों और राजनीतिक जीवन की यादों को ईमानदारी से सामने रखा है। उन्होंने कहा कि पुस्तक को बड़ी संख्या में लोग खरीद रहे हैं। इसका विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली में होना है।

मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी के राजनीतिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता को करीब से देखा है। उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान दिया था। उनके पति राजीव गांधी ने भी देश के लिए अपना जीवन न्योछावर किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को मजबूत करने में सोनिया गांधी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आज पार्टी देश में मुख्य विपक्षी दल के रूप में खड़ी है।

दंत चिकित्सकों से मिले मुख्यमंत्री, समस्याओं के समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सचिवालय में दंत चिकित्सकों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775717 Articles

Share this story