कांग्रेस के गढ़ मंडी में क्षेत्र वाद का नारा देकर भाजपा ने जीती नौ सीटें: सुखविंदर सिंह सुक्खू
मंडी, 26 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मंडी जिला हमेशा कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन विगत विधानसभा चुनाव में भाजपा विशेषकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने क्षेत्रवाद का नारा देकर दस में से नौ सीटें जीती। जबकि वर्तमान में भाजपा में गुटबाजी का आलम है और हर गुट की ओर से अलग मुख्यमंत्री का दावेदार है। यहां तक कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं को लेकर भाजपा के भीतर भी असंतोष है।
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसाचौक मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की डबल इंजन सरकार ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेला और प्रदेश की संपदा का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को जीएसटी कंपनसेशन और आरडीजी के रूप में करीब 60 हजार करोड़ रुपए प्राप्त हुए, लेकिन इस धन का उचित उपयोग नहीं किया गया।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि करीब 45 महीने पहले प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में आमजन की सरकार बनी और एक सामान्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक चुनौती का भी प्रदेश की जनता के सहयोग और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से डटकर सामना किया गया और कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर 40 तक पहुंची। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का दृढ़ संकल्प हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर लोगों को उनके अधिकार दिलवाने की दिशा में काम कर रही है।
बल्ह विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी चुनाव जीतते तो आज वह प्रदेश सरकार में मंत्री होते। जबकि अब कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वह विधानसभा में अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाते।
उन्होंने लोगों से कहा कि अब प्रकाश चौधरी द्वारा उठाई गई मांगों। जिनमें नेरचौक में जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के डिवीजन तथा डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की है। इसके अलावा बल्ह क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए तीन करोड़ रूपए देने की घोषणा भी की। डंपिंग साइट के लिए एक करोड़ रुपए, कंसा स्टेडियम की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपए तथा लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रिडू, नालू तथा सरयाड सड़क को पक्का करने के लिए 60 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिला मंडलों के लिए 35-35 हजार रुपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गुरकोटा में आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब आने वाले चुनाव में प्रकाश चौधरी को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजें।
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती से पैरवी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

