नेरी कलां में मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी घोषणाएं, जोहड़जी-मल्ला सड़क के लिए 20 करोड़ रुपये मंजूर
सोलन, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के नेरी कलां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने जोहड़जी-मल्ला सड़क निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के तहत 1500 रुपये मासिक पेंशन, प्राथमिक विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध करने, जोगिंद्रा सहकारी बैंक की शाखा खोलने तथा चाटी ढांक में बांध निर्माण के लिए सर्वेक्षण करवाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक विनोद सुल्तानपुरी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हितों की मजबूती से पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप राज्य को बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के 211 मेगावाट बिजली मिलेगी। इससे प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये का लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है, जबकि मक्की 50 रुपये और गेहूं 80 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जा रहा है। दूध उत्पादकों को भी बेहतर मूल्य दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 7000 शिक्षकों की भर्ती की जा चुकी है तथा 150 सीबीएसई स्कूल शुरू किए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं, थ्री टेस्ला एमआरआई, रोबोटिक सर्जरी और ऑटोमेटेड लैब स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हितों और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

