जयराम ठाकुर मेरे और मेरे परिवार पर लगाए आरोपों के सबूत दें : नरेश चौहान
शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए उनसे आरोपों के सबूत सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर उनके और उनके बेटे पर जो आरोप लगा रहे हैं, उनके समर्थन में तथ्य और प्रमाण पेश किए जाएं। उन्होंने कहा कि बिना सबूत इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है और यह किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता के पद की गरिमा के अनुरूप भी नहीं है।
नरेश चौहान ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत मामलों को राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने जमीन से जुड़े एक मामले को उनके बेटे पर हुए जानलेवा हमले से जोड़कर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास कोई जानकारी या सबूत है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। केवल आरोप लगाने से राजनीति का स्तर नीचे जाता है।
भाजपा के विरोध मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेश चौहान ने कहा कि यह प्रदर्शन पार्टी की राजनीतिक मजबूरी का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर गुटबाजी बढ़ रही है और इसी कारण पार्टी इस तरह के विरोध कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय अपने राजनीतिक कामकाज और संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
नरेश चौहान ने भाजपा की ओर से लगाए गए फोन टैपिंग और राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के खिलाफ बदले की भावना से काम नहीं कर रही है।
उन्होंने भाजपा से कहा कि वह बिना प्रमाण आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात करे। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अपने भीतर चल रही राजनीतिक गतिविधियों और गुटबाजी पर भी जवाब देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

