नशे के खिलाफ ऊना में हुंकार, 16 सितंबर को मुख्यमंत्री की अगुवाई में होगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ ऊना में हुंकार, 16 सितंबर को मुख्यमंत्री की अगुवाई में होगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन


ऊना, 14 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत 16 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस अभियान की अगुवाई करेंगे। वॉकाथॉन में मुख्यमंत्री युवाओं के साथ संवाद करेंगे और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।

उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 16 सितंबर को सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान ऊना में होगा। सुप्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति से कार्यक्रम का आगाज होगा। करीब दो घंटे के सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद वॉकाथॉन शुरू होगी।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह 10 बजे वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होकर आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस खेल मैदान में संपन्न होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाएंगे।

वॉकाथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेजों के छात्रों सहित बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को जन आंदोलन का रूप देने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से विद्यार्थियों को संस्थान के बैनर के साथ वॉकाथॉन में शामिल होने का आग्रह किया। साथ ही ऐसे तख्ते या लकड़ी के बैनर न लाने की अपील की, जिनसे किसी प्रतिभागी को चोट लगने की आशंका हो। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्टा जागरूकता संबंधी बैनर लगाने का आग्रह किया गया है।

विद्यार्थियों की आवाजाही के लिए विशेष यातायात व्यवस्था

वॉकाथॉन के दौरान विद्यार्थियों और प्रतिभागियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी। उपायुक्त ने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

रामपुर पुल का नींव पत्थर रखेंगे मुख्यमंत्री

वॉकाथॉन के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह 11:35 बजे रामपुर पुल का नींव पत्थर रखेंगे। इसके साथ ही वह बीडीओ कार्यालय ऊना का उद्घाटन भी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story