मंडी के कंसा चौक में रैली कर मुख्यमंत्री सुक्खू ने भरी चुनावी हुंकार

WhatsApp Channel Join Now
मंडी के कंसा चौक में रैली कर मुख्यमंत्री सुक्खू ने भरी चुनावी हुंकार


मंडी, 26 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हुंकार भरी। मुख्यमंत्री की इस जनसभा में भारी जनसमूह उमड़ा। बल्ह के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी की ओर से मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर ठीक वैसी ही तैयारियां की गई थी, जैसी वे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के स्वागत के लिए करते थे।

मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग रैली स्थल पर पहुंचे। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने नारे लगाकर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री को डडौर चौक से रैली स्थल तक घोड़ें जुते रथ पर लाया गया, उन पर फूलों की वर्षा की गई। कंसा रैली में मुख्यमंत्री भी चुनावी मोड में नजर आए।

उन्होंने एक ओर जहां पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए उन पर मंडी से विकास के मामले में भेदभाव का आरोप लगाया। वहीं पर यह भी हैरानी जताई कि मंडी जिला जो कांग्रेस का परंपरागत गढ़ माना जाता रहा है। वहां पर भाजपा दस में से नौ सीटें जीतने में कैसे कामयाब हो गई। इसके जवाब में स्वयं ही उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने क्षेत्रवाद का नारा देकर मंडी के लोगों के वोट भाजपा के पक्ष में हासिल किए।

सुक्खू ने लोगों से कहा कि आप लोग भाजपा को वोट क्यों देते हो, जबकि भाजपा इस प्रदेश की संपति को बेचने पर आमादा रही। वहीं पर प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेलने का श्रेय भी भाजपा की डब्बल इंजन की सरकार को जाता है।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आपने प्रकाश चौधरी को हरा दिया नहीं तो आज वे मंत्री होते।

उन्होंने लोगों से कहा कि मैंने इतनी घोषणाएं की है आप मुझसे वादा करो आगे से ऐसी गलती नहीं करेंगे और प्रकाश चौधरी को विजयी बनाएंगे। इस बहाने मुख्यमंत्री ने बल्ह से प्रकाश चौधरी को कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित कर अन्य दावेदारियों को ध्वस्त कर दिया। मुख्यमंत्री की यह रैली एक तरह से अपने आपमें चुनावी हुंकार रही। जिसमें बल्ह क्षेत्र से कांग्रेस के भावी प्रत्याशी की घोषणा के साथ-साथ विपक्षी दल पर भी जमकर हमला किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story