मुख्यमंत्री बड़सर में करेंगे राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री बड़सर में करेंगे राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता


बड़सर, 14 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार 15 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वह शनिवार सुबह 11 बजे ध्वजारोहण करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे।

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस की छठी इंडियन रिजर्व बटालियन धौलाकुआं, तृतीय आईआरबी पंडोह, द्वितीय आईआरबी (महिला) सकोह और हमीरपुर जिला पुलिस और सेंट्रल रेंज मंडी की ट्रैफिक पुलिस की टुकड़ियों के अलावा महिला एवं पुरुष होमगार्ड्स, हरियाणा पुलिस और क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं कालेजों की टुकड़ियां भी भाग ले रही हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस की उत्तरी रेंज की स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट वीआईपी सिक्योरिटी पर विशेष डैमो प्रस्तुत करेगी।

भव्य मार्चपास्ट की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों और बड़सर क्षेत्र के स्कूलों के सांस्कृतिक दल देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करेंगे तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित करेंगे। परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन भी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story