मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के चैतड़ू में एसटीपीआई केंद्र का उद्घाटन किया

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के चैतड़ू में एसटीपीआई केंद्र का उद्घाटन किया


शिमला, 21 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले में गग्गल हवाई अड्डे के समीप चैतड़ू में 18.29 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र से 15 से 20 उभरते उद्यमियों को सहयोग मिलने की उम्मीद है तथा अगले पांच वर्षों में 350 से 400 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इस पहल का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में आईटी इकोसिस्टम को मजबूत करना, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना तथा स्टार्टअप और उभरते उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है। इस केंद्र में आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनमें प्लग-एंड-प्ले इन्क्यूबेशन सुविधाएं, रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस, प्रबंधकों के केबिन, 40 सीटों वाला ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस एवं मीटिंग रूम, नेटवर्क ऑपरेशंस सेंटर (एनओसी), रिसेप्शन एरिया, अतिथि कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। इस केंद्र में 106 प्लग-एंड-प्ले सीटें, प्रबंधकों के लिए चार केबिन और 5,031 वर्ग फुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस उपलब्ध करवाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को सूचना प्रौद्योगिकी और निवेश के क्षेत्र में एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार आईटी कंपनियों को आकर्षित करने, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने तथा नवाचार और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना से स्थानीय उद्यमियों और आईटी पेशेवरों को आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ-साथ प्रदेश में ही नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story