कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शूरू, 35 किलोमीटर क्षेत्र में बढ़ेगा पर्यटन

WhatsApp Channel Join Now
कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शूरू, 35 किलोमीटर क्षेत्र में बढ़ेगा पर्यटन


शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कोल डैम जलाशय के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियां शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से ऐहन में इन गतिविधियों का शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक करीब 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। इससे पर्यटकों को पानी में रोमांचक गतिविधियों का अनुभव मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

कोल डैम जलाशय अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार ने यहां पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत पर्यटकों को स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट और बंपर राइड जैसी गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज भी आकर्षण का केंद्र होगा। इन सुविधाओं से पर्यटक जलाशय के प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ पानी में रोमांचक गतिविधियों का अनुभव कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स राज्य में पर्यटन के नए अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को रोजगार और स्वरोजगार मिलता है। इसके साथ ही पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस तरह की गतिविधियां शुरू कर चुकी है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है। कोल डैम जलाशय में जल क्रीड़ा गतिविधियों के विस्तार से इस क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story