हिमाचल के 100 नए सीबीएसई स्कूलों में होगी शिक्षकों की तैनाती, जेबीटी के 600 पदों पर भर्ती में तेजी लाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के 100 नए सीबीएसई स्कूलों में होगी शिक्षकों की तैनाती, जेबीटी के 600 पदों पर भर्ती में तेजी लाने के निर्देश


शिमला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के 100 नए सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने और जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के 600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आज यहां शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्कूलों में योग्य शिक्षकों, पर्याप्त प्रशासनिक कर्मचारियों और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों के सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों की आवश्यकताओं को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सीबीएसई स्कूलों में मिनिस्ट्रीयल स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की जरूरत की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानदंडों के अनुसार कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, नई योजना के तहत 3,900 शिक्षकों और 900 गैर-शिक्षक कर्मचारियों के पदों को भरने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने बच्चों में प्रारंभिक अवस्था से ही नैतिक मूल्यों, अनुशासन, करुणा, बड़ों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए पहली कक्षा से नैतिक शिक्षा शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने और सरकारी स्कूलों को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को प्रभावी निगरानी और जवाबदेही के साथ निर्धारित समयसीमा में लागू किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story