एशियाई खेलों में कांस्य जीतने वाली हिमाचल की सीमा कुमारी को मुख्यमंत्री ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की एथलीट सीमा कुमारी ने एशियाई खेल-2026 में महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सीमा कुमारी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। सीमा ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में 10 हजार मीटर की दौड़ में 32 मिनट 50.05 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सीमा का प्रदर्शन पूरे हिमाचल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सीमा की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से यह साबित होता है कि हिमाचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सीमा का कांस्य पदक महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में एशियाई खेलों में भारत का 16 साल बाद पहला पदक भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा कुमारी की सफलता प्रदेश के हजारों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में काफी संभावनाएं हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण के अवसर और अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाने के लिए काम कर रही है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन देती रहेगी और उन्हें अपने खेल करियर में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने सीमा कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि को हिमाचल के लिए गौरव का क्षण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story