मुख्यमंत्री सुक्खू ने वीर अब्दुल हमीद और श्याम सरन नेगी की जयंती पर किया नमन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 1 जुलाई के अवसर पर परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर अब्दुल हमीद अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक थे। उन्होंने अपने अद्वितीय शौर्य से भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र उनके अतुलनीय योगदान के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता तथा किन्नौर जिले के कल्पा निवासी स्वर्गीय श्याम सरन नेगी की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि नेगी जी का जीवन लोकतंत्र के प्रति जागरूकता, कर्तव्यनिष्ठा और सक्रिय नागरिक भागीदारी का प्रेरक उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

वहीं राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मानव सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुलभ और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी, एमआरआई सहित अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story