हिमाचल के अधिकारों पर भाजपा जवाब दे, जयराम बयानबाजी से सुर्खियां बटोर रहे : नरेश चौहान

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाईकमान के दबाव संबंधी जयराम का बयान केवल राजनीतिक चर्चा में बने रहने का प्रयास है। उन्हें हिमाचल के वास्तविक मुद्दों और प्रदेश के अधिकारों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

चौहान ने बुधवार को कहा कि भाजपा नेता राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने के मुद्दे पर चुप क्यों हैं? राज्य गठन के समय से हिमाचल को इसका लाभ मिलता रहा है। अब इसे बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसदों और पूर्व सरकार ने प्रदेश के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए क्या प्रयास किए, इसका जवाब जनता को मिलना चाहिए। आरडीजी पूरे हिमाचल का मामला है और कांग्रेस सरकार इस मुद्दे पर भाजपा के सहयोग का स्वागत करेगी।

भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी में हर्ष महाजन का नाम शामिल नहीं होने पर चौहान ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को वहां अधिक मान-सम्मान मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने हर्ष महाजन के साथ सुधीर शर्मा और राणा का भी उल्लेख किया।

जगत सिंह नेगी के विधानसभा में दिए बयान पर भाजपा के प्रदर्शनों को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष को आरडीजी और प्रदेश के अधिकारों के लिए प्रदर्शन करना चाहिए। देश और सेना के प्रति सम्मान हर नागरिक के मन में है। किसी को देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने का अधिकार नहीं है।

चौहान ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यात्रा निकालेगी। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के इस्तेमाल और संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने के आरोप लगाए। वोट चोरी के आरोपों पर जयराम को अमित शाह से ट्यूशन लेने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पहले समझना चाहिए कि चुनावों को कैसे प्रभावित किया जा सकता है।

पंजाब में भाजपा और अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर चौहान ने कहा कि भाजपा वहां अकेले अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत नहीं कर पाई। उन्होंने किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसानों की जान गई और पंजाब के लोग इन घटनाओं को आज भी याद करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story