15 अगस्त पर सभी सरकारी स्कूलों में होगा मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण

WhatsApp Channel Join Now
15 अगस्त पर सभी सरकारी स्कूलों में होगा मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण


शिमला, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संबोधन का प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस प्रसारण को बिना किसी बाधा के सफल बनाने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने शिमला में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

शिक्षा विभाग ने सभी जिलों और विद्यालयों को पहले से आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा प्रसारण व्यवस्था की जांच करने के निर्देश जारी किए हैं।

शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान यदि किसी विद्यालय में तकनीकी समस्या आती है या प्रसारण बाधित होता है तो उसके समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों की तैनाती की गई है। 15 अगस्त को नियंत्रण कक्ष में व्याख्याता रीना शर्मा, नंद किशोर, दिनेश कुमार और विनोद कुमार ड्यूटी पर रहेंगे। इन अधिकारियों को निर्धारित समय पर नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहकर प्रदेशभर के सरकारी विद्यालयों में होने वाले सीधे प्रसारण की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

निदेशालय ने कहा है कि नियंत्रण कक्ष में तैनात अधिकारी विभिन्न जिलों से मिलने वाली प्रसारण संबंधी शिकायतों और तकनीकी समस्याओं पर तत्काल समन्वय स्थापित करेंगे। यदि किसी सरकारी विद्यालय में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किसी कारण से प्रभावित होता है तो संबंधित जिले के उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक) सीधे शिमला स्थित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करेंगे। इसके बाद समस्या की जानकारी लेकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों और स्कूल प्रशासन को यह भी निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रसारण के लिए उपयोग किए जाने वाले सभी उपकरणों, इंटरनेट कनेक्शन और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की पूरी तरह जांच कर ली जाए। विभाग का मानना है कि पूर्व तैयारी से कार्यक्रम के दौरान आने वाली संभावित तकनीकी दिक्कतों को कम किया जा सकेगा।

निदेशालय ने जिलों को भी अपने स्तर पर विद्यालयों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण सभी सरकारी विद्यालयों तक सुचारू रूप से पहुंचे।

शिक्षा विभाग के अनुसार स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों और शिक्षकों को मुख्यमंत्री का संबोधन सीधे सुनाने की व्यवस्था की जा रही है। इसी उद्देश्य से विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो प्रसारण से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहेगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story