तहबाजारियों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान, 17 अगस्त को नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
तहबाजारियों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान, 17 अगस्त को नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन


शिमला, 13 अगस्त (हि.स.)। श्रमिक संगठन सीटू से सम्बद्ध रेहड़ी-फड़ी तहबाजारी यूनियन शिमला ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। यूनियन ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन स्ट्रीट वेंडर्स कानून के प्रावधानों का पालन किए बिना तहबाजारियों को उनके कार्यस्थलों से हटाने की कार्रवाई कर रहा है।

बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में रेहड़ी-फड़ी और तहबाजारी कारोबारी अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त और संयुक्त आयुक्त की अनुपस्थिति में प्रदर्शनकारी करीब दो घंटे तक अपनी मांगों के समर्थन में डटे रहे। प्रदर्शन को सीटू के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा और यूनियन के अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

यूनियन नेताओं ने कहा कि शिमला शहर में वर्षों से हजारों परिवार रेहड़ी-फड़ी और तहबाजारी के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं। उनका कहना है कि इन लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण और सड़क विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 की भावना के विपरीत कार्रवाई कर रहा है।

यूनियन ने मांग की कि सभी पात्र तहबाजारियों का सर्वे और पंजीकरण पूरा किया जाए तथा उन्हें वेंडिंग प्रमाणपत्र जारी किए जाएं। साथ ही शहर में वेंडिंग जोन निर्धारित कर रेहड़ी-फड़ी कारोबारियों को काम करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए।

यूनियन का कहना है कि रोज़गार की सुरक्षा और व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान यह मांग भी उठाई गई कि तहबाजारियों से मनमाने ढंग से शुल्क और जुर्माने की वसूली बंद की जाए। यूनियन ने सामान जब्त करने और कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि मेहनतकश लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित आजीविका का अधिकार मिलना चाहिए। इसके अलावा नगर निगम द्वारा पहले किए गए आश्वासनों को लागू करने की भी मांग की गई।

यूनियन नेताओं ने कहा कि लंबे समय से मांगें उठाए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इसी कारण अब आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने घोषणा की कि 17 अगस्त को नगर निगम शिमला कार्यालय के बाहर एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story