मजदूरों और आंगनबाड़ी कर्मियों के एरियर के लिए सीटू का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मजदूरों और आंगनबाड़ी कर्मियों के एरियर के लिए सीटू का प्रदर्शन


शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मजदूरों और आंगनबाड़ी कर्मचारियों की घोषित वेतन वृद्धि लागू करने में हो रही देरी के विरोध में श्रमिक संगठन सीटू ने गुरुवार को शिमला में प्रदर्शन किया। सीटू की प्रदेश कमेटी के आह्वान पर मजदूरों ने श्रम आयुक्त कार्यालय के बाहर सरकार और श्रम विभाग के खिलाफ रोष जताया। संगठन ने मजदूरों को आठ महीने और आंगनबाड़ी कर्मियों को सात महीने का वेतन वृद्धि का बकाया (एरियर) देने की मांग उठाई।

सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, कोषाध्यक्ष जगत राम, जिला महासचिव अमित कुमार और जिला कोषाध्यक्ष बालक राम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मार्च 2026 के बजट भाषण में मजदूरों की दिहाड़ी में 25 रुपये प्रतिदिन और मासिक वेतन में 750 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसे एक अप्रैल 2026 से लागू किया जाना था, लेकिन आठ महीने बीतने के बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि वेतन वृद्धि तत्काल लागू कर एक अप्रैल से अब तक का आठ महीने का एरियर एकमुश्त दिया जाए।

आंगनबाड़ी कर्मियों को 7 हजार रुपये एरियर देने की मांग

सीटू नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कर्मचारियों के मानदेय में भी एक हजार रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी की घोषणा की थी। यह बढ़ोतरी एक अप्रैल से लागू होनी थी, लेकिन सरकार ने इसे एक नवंबर 2026 से लागू किया। इससे प्रत्येक आंगनबाड़ी कर्मी को सात महीने के 7,000 रुपये के एरियर का नुकसान हुआ है। संगठन ने यह बकाया राशि देने की मांग की।

यूनियनों के पंजीकरण में देरी पर जताई नाराजगी

सीटू ने न्यूनतम वेतन सलाहकार समिति की बैठक तुरंत बुलाने और ट्रेड यूनियनों के लंबित पंजीकरण मामलों का समयबद्ध निपटारा करने की मांग भी की। संगठन का आरोप है कि कई मजदूर संगठनों के पंजीकरण के मामले वर्षों से लंबित हैं। इससे मजदूरों के संगठन बनाने के अधिकार पर असर पड़ रहा है। सीटू ने पंजीकरण प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने उप श्रम आयुक्त मनीष करोल को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीटू ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story