साहिबजादा बाबा अजीत सिंह चौक का हुआ नामकरण

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मंगलवार को पांवटा साहिब में इतिहास और आस्था का भावुक क्षण देखने को मिला जब बल्लूपुर–दिल्ली हाईवे पर स्थित प्रमुख चौक का नाम आधिकारिक रूप से साहिबजादा बाबा अजीत सिंह चौक रखा गया।

इस अवसर पर सिख संगत ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब में अरदास कर आशीर्वाद लिया और उसके बाद चौक स्थल पर पहुंचकर नए नाम का बोर्ड स्थापित किया। साहिबजादा बाबा अजीत सिंह दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह के ज्येष्ठ पुत्र थे। उनका जन्म पांवटा साहिब में हुआ था, जिससे इस नगर का उनसे विशेष ऐतिहासिक संबंध है। उन्होंने चमकौर साहिब के युद्ध में वीरगति प्राप्त कर धर्म और न्याय की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

समुदाय के लोगों ने कहा कि यह नामकरण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि पांवटा साहिब की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने का ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों को अपने महान इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story