पच्छाद में पुलिस ने 9.82 ग्राम चिट्टे के साथ बाइक सवार युवक दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
पच्छाद में पुलिस ने 9.82 ग्राम चिट्टे के साथ बाइक सवार युवक दबोचा


नाहन, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिला के अंतर्गत आने वाले पच्छाद क्षेत्र में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। राजगढ़ की पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए 9.82 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिटेक्टिव सेल की टीम क्षेत्र में गश्त और कानून व्यवस्था बनाए रखने के सिलसिले में दाड़ो देवरिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि अंशु, निवासी कोटला बड़ोग अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोलन की तरफ से कोटला बड़ोग की ओर आ रहा है और उसके पास भारी मात्रा में चिट्टा मौजूद है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत सतर्कता बरती और संदिग्ध रास्तों पर निगरानी शुरू की। जब उक्त मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा, तो पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 9.82 ग्राम चिट्टा बरामद किया। मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह चिट्टा आरोपी कहां से लेकर आ रहा था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story