खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शुरू होगा ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 27 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान, 2026’ शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 10 खेलों की प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि इस अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी उपमंडलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक उपमंडल में 30 नवंबर, 2026 तक 800 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई, युवा क्लबों, महिला मंडलों, ग्राम पंचायतों और अन्य संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के तहत क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन आधिकारिक पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in के माध्यम से किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी संबंधित उपमंडल का निवासी होना चाहिए तथा पहचान एवं स्थाई पते के लिए आधार कार्ड होना अनिवार्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story