राजगढ़ में तीन युवकों से 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद
नाहन, 15 जून (हि.स.)। पुलिस थाना राजगढ़ की डिटेक्शन सैल टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को 4.80 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। 14 जून को राजगढ़ डिटेक्शन सैल की पुलिस टीम कोटली क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शुभम ठाकुर पुत्र सोमराज, निवासी गांव चुन्नी, तहसील राजगढ़ अपने दो साथियों विवेक चौहान पुत्र प्रेम सिंह और मिथुन आर्य पुत्र प्रेमपाल आर्य, निवासी राजगढ़ के साथ गाड़ी नंबर HP 63-3060 में सोलन के गिरिपुल की ओर से राजगढ़ की तरफ चिट्टे की खेप लेकर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाका लगाया। गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई तो तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 04.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाना राजगढ़ में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशे की खेप कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

