हरिपुरधार: मां भगवती पब्लिक स्कूल के होनहार शतरंज और योग में छाए, जिला स्तर के लिए 8 चयनित

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 07 सितंबर (हि.स.)।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोरग में आयोजित अंडर-14 छात्र और छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान मां भगवती पब्लिक स्कूल हरिपुरधार के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहद उत्कृष्ट और सराहनीय रहा।

प्रतियोगिता के दौरान मां भगवती पब्लिक स्कूल हरिपुरधार के प्रतिभागियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शतरंज और योग स्पर्धाओं में सभी प्रतिद्वंद्वी स्कूलों को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही लड़कों के वर्ग में भी विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट रणनीति और बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए शतरंज प्रतियोगिता में रनर-अप (उपविजेता) का खिताब अपने नाम किया।

शानदार प्रदर्शन के दम पर मां भगवती पब्लिक स्कूल हरिपुरधार के आठ छात्र-छात्राओं का चयन जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह बड़ी उपलब्धि इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी अपना एक विशेष और अग्रणी स्थान रखता है।

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता से स्कूल प्रबंधन, सभी शिक्षक और विद्यार्थी बेहद उत्साहित व आनंदित हैं। आज विद्यालय परिसर में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों द्वारा विजेता प्रतिभागियों का फूल-मालाओं और तालियों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान स्कूल की प्रधानाचार्या ने इस सफलता का पूरा श्रेय अपने समर्पित अध्यापकों और कम समय में दिन-रात कड़ी मेहनत करने वाले छात्रों को दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story