मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण
नाहन, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश नंदिता दास गुप्ता ने आज जिला सिरमौर के नाहन स्थित जिला ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुपालन का जायजा लिया। उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित अग्निशामक यंत्रों की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

