नाले में मुर्गियों के अवशेष मिलने से तीन पेयजल योजनाएं बंद, हज़ारों लोगों की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। नाले में फेंके गए मुर्गियों के अवशेषों ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में हजारों लोगों की पेयजल आपूर्ति पर संकट खड़ा कर दिया है। वाकनाघाट-मामलीग मार्ग पर गंभर पुल के पास सेरी नाले में बड़ी मात्रा में चिकन की हड्डियां और अन्य अवशेष मिलने के बाद जल शक्ति विभाग को तीन पेयजल योजनाएं बंद करनी पड़ी हैं। नाले का पानी आगे जाकर गंभर नदी में मिलता है। ऐसे में नदी के पानी के दूषित होने की आशंका को देखते हुए विभाग ने एहतियातन यह कदम उठाया है। इससे करीब पांच हज़ार से छह हजार लोगों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार सेरी नाले में तीन अलग-अलग स्थानों पर मुर्गियों के अवशेषों से भरे कट्टे फेंके गए थे। इसके अलावा नाले के बीचोंबीच और किनारों पर भी बड़ी संख्या में हड्डियां और अन्य अवशेष बिखरे हुए थे। कचरे से उठ रही दुर्गंध आसपास के क्षेत्र तक फैल गई थी। सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और जल शक्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के एसडीओ ऐन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इसके बाद जल शक्ति विभाग ने डुमैहर, कोट-सिहारड़ और सेरीघाट पेयजल योजनाओं को बंद कर दिया। इन योजनाओं से मामलीग, सयारी, सयारीघाट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ डुमैहर व उसके आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति होती है। योजनाओं के बंद होने से करीब पांच हज़ार से छह हजार लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। सेरी नाला कुछ दूरी पर गंभर खड्ड में मिलता है। गंभर नदी कंडाघाट उपमंडल के करीब आधे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पानी का प्रमुख स्रोत है। हालांकि, फिलहाल नदी का पानी दूषित होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पेयजल योजनाओं को दोबारा शुरू करने से पहले नाले की सफाई करवाई जाएगी। इसके बाद पानी के नमूने जांच के लिए कंडाघाट प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।

सोलन के एसडीएम गोपाल चंद शर्मा ने कहा कि प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से पानी के सुरक्षित होने की पुष्टि मिलने के बाद ही बंद पेयजल योजनाओं को बहाल किया जाएगा।

उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अवशेष नाले में किसने फेंके, इसका पता लगाने के लिए वाकनाघाट और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story