माता बाला सुंदरी मेले का विधिवत समापन, साढ़े 5 लाख श्रद्धालुओं ने टेका माथा

WhatsApp Channel Join Now
माता बाला सुंदरी मेले का विधिवत समापन, साढ़े 5 लाख श्रद्धालुओं ने टेका माथा


नाहन, 02 अप्रैल (हि.स.)। उतर भारत की प्रसिद्ध सिद्धपीठ त्रिलोकपुर में चैत्र नवरात्र मेले का वीरवार को विधिवत समापन हो गया। माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में 19 मार्च से नवरात्र आरम्भ हुए थे और बुधवार को चौदस की महा आरती आयोजित हुई थी और आज उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर न्यास प्रियंका वर्मा ने हवन एवं पूजा अर्चना के साथ मेले का समापन किया।

संयुक्त सचिव माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर न्यास एवं एस डी एम नाहन राजीव संख्यान ने बतायाकि आज त्रिलोकपुर में चैत्र नवरात्र मेले का विधिवत समापन उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने किया। इस दौरान चैत्र नवरात्रों में सिद्धपीठ में साढ़े पांच लाख श्रद्धालुओं ने माथा टेककर माता के दर्शन किए। अभी तक मंदिर में 2 करोड़ चढ़ावे के रूप में न्यास को प्राप्त हुए हैं और अभी भी राशि की गणना करना बाकी है।

उन्होंने बताया क‍ि न्यास ने इस वर्ष त्रिलोकपुर में कई सार्थक प्रयास किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। नवरात्र के दौरान 3 बार 21 हजार दीपकों से शिव मंदिर तालाब में महा आरती का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके इलावा पहली बार बोटिंग आरंभ की गई उससे भी न्यास की अच्छी आमदनी हुई है। पूरे 15 दिनों तक न्यू भंडारा हाल में भंडारे चलते रहे।

उल्लेखनीय है कि माता बाला सुंदरी मंदिर जहां उतर भारत की एक प्रसिद्ध सिद्धपीठ के रूप में जानी जाती है वहीं प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब उतर प्रदेश, दिल्ली से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहाँ माथा टेकने पहुंचते हैं। यहां माता दुर्गा अपने बाल रूप में पिंडी में विराजमान है और अटूट श्रद्धा आस्था का केन्द्र है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story