पश्मी में महासू महाराज के दरबार उमड़ा श्रद्धालुओं का भारी सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
पश्मी में महासू महाराज के दरबार उमड़ा श्रद्धालुओं का भारी सैलाब


नाहन, 14 सितंबर (हि.स.)। शिलाई में पंचमी के पावन अवसर पर गिरिपार के पश्मी गांव में आयोजित महासू पंचमी का दो दिवसीय महाजागरण धार्मिक आयोजन से कहीं आगे बढ़कर हिमाचल और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति का विराट उत्सव बन गया। महासू महाराज के दर्शन और आशीर्वाद के लिए दोनों राज्यों से 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पश्मी पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गांव की गलियां और रास्ते पूरी तरह भर गए।

महासू महाराज के प्रति लोगों की गहरी आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हिमाचल प्रदेश के उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और उत्तराखंड सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी पश्मी पहुंचे। उन्होंने महासू महाराज के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।

13 सितंबर की रात आयोजित विशाल जागरण में हिमाचल और उत्तराखंड के दो दर्जन से अधिक लोक एवं भक्ति कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। रात बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। भक्ति गीतों, लोक संगीत और महासू महाराज के जयकारों से पूरा पश्मी भक्तिमय हो उठा।

14 सितंबर को महासू महाराज की शाही स्नान यात्रा महाजागरण का प्रमुख आकर्षण रही। सुबह से ही शाही स्नान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पश्मी पहुंचना शुरू हो गया। कुछ ही समय में गांव की गलियां और आसपास के रास्ते श्रद्धालुओं की भीड़ से भर गए।

महासू महाराज के दर्शन और शाही स्नान यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हिमाचल और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से पश्मी में साझा देव परंपरा और सांस्कृतिक जुड़ाव की झलक देखने को मिली। दो दिवसीय आयोजन ने दोनों राज्यों की सदियों पुरानी देव आस्था और सांस्कृतिक रिश्तों को भी सामने रखा।

उत्तराखंड सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहाकि यह बहुत हर्ष का विषय है की चालदा जी महाराज हिमाचल में पहुंचे हैं और आज ऋषि पंचमी यानि तागड़ा पर्व पर उत्तराखंड से भी सैंकड़ों लोग आये हैं ,चालदा महाराज दोनों प्रदेशों और देश में खुशहाली लाएं यही प्रार्थना है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि चालदा महाराज के यहां आने से भक्तिमय माहौल बना हुआ है और चालदा महासू महाराज प्रदेश को खुशहाली व उन्नति का आशीर्वाद दें यही प्रार्थना है ,अभी महाराज एक वर्ष यहीं रहने वाले हैं जोकि क्षेत्र के लिए बहुत गौरव के पल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story