पांवटा साहिब में नो एंट्री के उल्लंघन पर भड़के लोगों ने किया चक्का जाम
नाहन, 14 जून (हि.स.)। औद्योगिक नगरी पांवटा साहिब में शनिवार देर शाम उस समय भारी तनाव फैल गया, जब नियमों को ताक पर रखकर तय समय से पहले शहर में दाखिल हुए एक बेकाबू टिप्पर ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। नो एंट्री के समय का उल्लंघन करने पर जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष संयम गुप्ता ने वाहन को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने कथित रूप से उन पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस जानलेवा कोशिश के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विश्वकर्मा चौक पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते नेशनल हाईवे पर बाता पुल तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, जिससे सैकड़ों यात्री रात के समय फंसे रहे।
मिली जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब शहर में भारी और कमर्शियल वाहनों के प्रवेश के लिए रात 10 बजे का समय निर्धारित किया गया है, ताकि स्थानीय निवासियों और बाजार आने वाले लोगों को हादसों से बचाया जा सके। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले लंबे समय से टिप्पर और अन्य भारी वाहन चालक इन नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शनिवार शाम को भी रात 10 बजे से काफी पहले बड़े टिप्पर शहर की घनी आबादी वाले हिस्सों में घुसने लगे, जिसे देख वहां मौजूद लोग और भाजयुमो नेता भड़क गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक माहौल उस वक्त बेहद तनावपूर्ण हो गया जब भाजयुमो अध्यक्ष संयम गुप्ता ने बीच सड़क पर आकर एक टिप्पर को रोकने का इशारा किया। चालक ने रफ्तार धीमी करने के बजाय गाड़ी को आगे बढ़ा दिया, जिससे संयम गुप्ता बाल-बाल बचे। इस घटना ने जलती आग में घी का काम किया। मौके पर मौजूद भारी भीड़ ने तुरंत विश्वकर्मा चौक को चारों तरफ से घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
गुस्साए प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार पुलिस प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले इन रसूखदार और रफ-ड्राइविंग करने वाले टिप्पर चालकों पर कोई नकेल नहीं कसी जा रही है। शहर में हर वक्त बड़े हादसों का साया मंडराता रहता है।
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़ गए कि जब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं होती और नो एंट्री को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, जाम नहीं खुलेगा। हालात बिगड़ते देख डीएसपी पांवटा मानवेंद्र ठाकुर स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मोर्चे पर पहुंचे। डीएसपी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और युवा नेताओं से काफी देर तक वार्ता की। जनता के भारी आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने बैकफुट पर आते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
डीएसपी ने मौके पर ही गुस्साए लोगों को लिखित आश्वासन दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले और जानलेवा प्रयास करने वाले आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शहर के भीतर नो एंट्री के नियमों को बेहद सख्ती से लागू किया जाएगा और भारी वाहनों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा।
इस लिखित भरोसे के बाद देर रात प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त किया। जाम खुलने के बाद पुलिस ने दोनों ओर फंसे सैकड़ों वाहनों को धीरे-धीरे सुरक्षित निकाला और रूट को पूरी तरह बहाल किया। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

