जरोल में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
जरोल में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित


जरोल में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित


मंडी, 25 नवंबर (हि.स.)। जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी द्वारा थुनाग क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जरोल में भविष्य सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन करना था।

जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने शिविर के दौरान विद्यार्थियों को दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के उपरांत उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित रणनीति अपनाने, समय प्रबंधन तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उद्यान विभाग की ओर से बागवानी विस्तार अधिकारी नर्बदा ने विद्यार्थियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मनु देवी तथा आशा कार्यकर्ता नर्बदा देवी ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक किया।

बैंक की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक नवीन शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बैंकों द्वारा प्रदान किए जाने वाले ऋण तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य यशपाल ने जिला रोजगार कार्यालय, मंडी तथा कार्यक्रम में शामिल सभी विभागों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story