2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में आएगा सामने : सांसद सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में आएगा सामने : सांसद सुरेश कश्यप


नाहन, 11 जून (हि.स.)। केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा 9 जून को अपने 11 वर्षों का कार्यकाल पूरा करने के उपलक्ष्य में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने बुधवार को नाहन में एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर अपनी विशेष पहचान बना चुका है।

सांसद कश्यप ने कहा कि बीते 11 वर्षों में जनकल्याण की अनेक योजनाओं से देश के निर्धन और जरूरतमंद वर्ग को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि रोजगार के क्षेत्र में विशेष रूप से स्टार्टअप इंडिया अभियान के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिले हैं।

उन्होंने कहा कि भारत अब एक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है और आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। कश्यप ने यह भी उल्लेख किया कि रेलवे, सड़कों और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है और नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं।

2047 तक भारत को पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा, आज का भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। यह 'नया भारत' वैश्विक मंच पर अपना लोहा मनवा रहा है और देशवासियों के लिए गर्व का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story