हिमाचल में जनगणना की तैयारी तेज, लोग मोबाइल ऐप और पोर्टल से खुद दे सकेंगे जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में जनगणना की तैयारी तेज, लोग मोबाइल ऐप और पोर्टल से खुद दे सकेंगे जानकारी


हिमाचल में जनगणना की तैयारी तेज, लोग मोबाइल ऐप और पोर्टल से खुद दे सकेंगे जानकारी


शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस कड़ी में राजधानी शिमला के बचत भवन में सोमवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत हुई। इसमें जिला शिमला में नियुक्त 26 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण 13 मई तक चलेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) एवं जिला जनगणना अधिकारी ज्योति राणा ने की। इस दौरान मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार और रमेश कुमार ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया, डेटा संग्रह और डिजिटल प्रणाली के इस्तेमाल को लेकर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी रमेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि इस बार देश में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 में स्व-गणना की व्यवस्था भी शुरू की जा रही है, जिसके तहत लोग एचएलओ मोबाइल ऐप और सरकारी वेब पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

अधिकारियों के अनुसार लोग 1 जून से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दे सकेंगे। इसके बाद 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक मकानों की सूची तैयार करने और मकानों की गणना का काम किया जाएगा।

ज्योति राणा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने का काम नहीं है, बल्कि देश की विकास योजनाओं की बुनियाद तैयार करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जनगणना अधिकारियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं ताकि भविष्य की योजनाएं सटीक आंकड़ों के आधार पर बनाई जा सकें।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story