हिमाचल में कल से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 15 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया मंगलवार 16 जून से शुरू होने जा रही है। इसके पहले चरण में राज्यभर में 'मकान सूचीकरण और मकानों की गणना' का कार्य किया जाएगा, जो 15 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।

जनगणना कार्य निदेशालय के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है। इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जा रही है और प्रगणक जानकारी जुटाने के लिए एचएलओ (HLO) मोबाइल ऐप का उपयोग करेंगे।

निदेशालय ने बताया कि जिन लोगों ने 1 जून से 15 जून के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है, वे अपने पास उपलब्ध स्व-गणना आईडी प्रगणकों को उपलब्ध करा सकेंगे। वहीं जो लोग किसी कारणवश ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाए हैं, उनके घरों तक प्रगणक पहुंचकर आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।

पहले चरण के दौरान प्रगणक 33 निर्धारित प्रश्नों के आधार पर मकान और परिवार से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। इनमें घर की बुनियादी सुविधाएं जैसे पानी, बिजली, शौचालय और अनाज की उपलब्धता के अलावा घरेलू उपकरणों से संबंधित जानकारी भी शामिल होगी।

जनगणना कार्य निदेशालय ने लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की है। निदेशालय के अनुसार घर आने वाले प्रगणक की पहचान उसके आईडी कार्ड पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन करके सत्यापित की जा सकती है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या किसी प्रकार के वित्तीय दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। ऐसे में नागरिकों को किसी भी भ्रामक सूचना या धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। निदेशालय ने प्रदेशवासियों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूरा सहयोग देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story