हमीरपुर में भी शुरू हो गई मकानों की गणना, डीसी ने की सही डाटा देने की अपील

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 16 जून (हि.स.)। जनगणना-2027 के पहले चरण में जिला हमीरपुर में भी मंगलवार को मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य आरंभ हो गया जोकि 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।

उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जनगणना के कार्य के लिए नियुक्त किए गए प्रगणक और सुपरवाइजर 16 जून से 15 जुलाई तक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं मकान गणना करेंगे। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी।

उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को फील्ड में जाकर वास्तविक एवं सटीक डाटा एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे घर-घर तक पहुंचने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों का सहयोग करें और उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना-2027 के सही आंकड़े सामने आ सकें और भविष्य में इन्हीं आंकड़ों के अनुसार जिला के लिए उपयुक्त योजनाएं तैयार की जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story