बालीचौकी उपमंडल में भरे जाएंगे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के सात पद

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 23 जून (हि.स.)। बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी-सदर जितेंद्र सैणी ने बताया कि समेकित बाल विकास सेवाएं आईसीडीएस योजना के अंतर्गत मंडी-सदर परियोजना के बालीचौकी उपमंडल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के पद भरे जाएंगे। उन्होंन बताया कि उपमंडल की टिक्कर, राहला, शिल्ह-मशोरा, चैहटीगढ़ तथा जला काशना ग्राम पंचायतों के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिका के सात रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र स्थानीय महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इन पदों के लिए साक्षात्कार 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बालीचौकी के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।

जितेंद्र सैणी ने बताया कि टिक्कर पंचायत के टिक्कर आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा आंगनबाड़ी सहायिका का एक-एक पद रिक्त है। इसके अतिरिक्त टिक्कर पंचायत के अनसर, राहला पंचायत के रोपा-1, शिल्ह मशोरा पंचायत के शिल्ह मशोरा, चेटीगढ़ पंचायत के त्रैल तथा जला काशना पंचायत के खीणी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिका के एक-एक पद को भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए निर्धारित मानदेय 10,500 रुपये प्रतिमाह तथा आंगनबाड़ी सहायिका के लिए 5,800 रुपये प्रतिमाह है। आवेदन करने वाली महिला अभ्यर्थी की आयु अधिसूचना जारी होने की तिथि को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया की परिवार सूची में दर्ज होना अनिवार्य है तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों पदों के लिए 10+2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी होनी चाहिए। संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत सहायिका भी आवश्यक शर्तें पूरी करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के साथ संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया में परिवार दर्ज होने का प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story