हिमाचल प्रदेश के 17 सीबीएसई सरकारी स्कूलों में शुरू होंगे मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स कोर्स

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश के 17 सीबीएसई सरकारी स्कूलों में शुरू होंगे मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स कोर्स


शिमला, 17 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की बात है। अब कई छात्रों को मेडिकल, नॉन-मेडिकल या कॉमर्स की पढ़ाई के लिए दूसरे स्कूलों में दाखिला लेने या लंबी दूरी तय करने की मजबूरी नहीं रहेगी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के 17 सीबीएसई सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में नए शैक्षणिक कोर्स शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विभिन्न स्कूलों में मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स संकाय शुरू किए जाएंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह कदम ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। विभाग का कहना है कि कई स्कूलों में अभी तक विद्यार्थियों के पास सीमित विषय विकल्प उपलब्ध थे। ऐसे में अपनी पसंद का विषय पढ़ने के लिए उन्हें दूसरे स्कूलों में जाना पड़ता था। नए कोर्स शुरू होने के बाद छात्र अपने ही क्षेत्र के स्कूल में रहकर उच्च शिक्षा की तैयारी कर सकेंगे।

अधिसूचना के मुताबिक जिला चंबा के किहार स्कूल में कॉमर्स और मेडिकल की पढ़ाई शुरू होगी। हमीरपुर जिले के बरा में मेडिकल, बड़सर और बटरान में कॉमर्स तथा मेडिकल, जबकि सोहारी में कॉमर्स, मेडिकल और नॉन-मेडिकल तीनों संकाय शुरू किए जाएंगे। कांगड़ा जिले के कुंसल और अपर लंबा गांव में कॉमर्स, मेडिकल और नॉन-मेडिकल विषय उपलब्ध होंगे, जबकि संलेटी में कॉमर्स की पढ़ाई शुरू की जाएगी। मंडी जिले के कोलनी धलवां में कॉमर्स और मेडिकल संकाय खोले जाएंगे।

इसके अलावा किन्नौर के निचार में मेडिकल और नॉन-मेडिकल, कुल्लू के सराहन में कॉमर्स, मेडिकल और नॉन-मेडिकल, शिमला जिले के बलदेयां में कॉमर्स, सैंज में मेडिकल तथा ननखड़ी में मेडिकल और नॉन-मेडिकल की पढ़ाई शुरू होगी। सिरमौर जिले के कफोटा और ऊना जिले के बधेड़ा स्कूल में भी मेडिकल और नॉन-मेडिकल संकाय शुरू किए जाएंगे।

सरकार का मानना है कि इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने नजदीकी स्कूलों में ही बेहतर शैक्षणिक विकल्प मिलेंगे। साथ ही उन्हें इंजीनियरिंग, मेडिकल, कॉमर्स और अन्य पेशेवर पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए मजबूत आधार भी उपलब्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story