हिमाचल के सीबीएसई सरकारी स्कूलों में 9वीं और 11वीं की टर्म परीक्षाएं अब स्कूल ही कराएंगे

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने वाले 9वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नई व्यवस्था लागू करने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत इन दोनों कक्षाओं की प्रथम और द्वितीय टर्म परीक्षाएं संबंधित स्कूल अपने स्तर पर आयोजित करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (एलओसी) अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को नहीं भेजी जाएगी।

शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह व्यवस्था सीबीएसई की परीक्षा उपविधियों और नए पाठ्यक्रम के अनुसार लागू की जा रही है। इसके तहत 11वीं कक्षा की सभी परीक्षाएं स्कूल स्तर पर आयोजित होंगी। वहीं 9वीं कक्षा की परीक्षाएं भी सीबीएसई के तय नियमों के अनुसार संबंधित विद्यालय ही कराएंगे।

आदेश के अनुसार सितंबर 2026 में 9वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स सीधे सीबीएसई के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इस प्रक्रिया में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की कोई भूमिका नहीं रहेगी।

शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश 2 जून 2026 को जारी पहले के निर्देशों के क्रम में जारी किया गया है।

शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों (उच्च शिक्षा) और सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इन निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

नए आदेश के लागू होने के बाद सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में 9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षा और विद्यार्थियों के पंजीकरण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया सीधे सीबीएसई की व्यवस्था के अनुसार संचालित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story