उद्यान विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को दी करियर ओरिएंटेशन की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
उद्यान विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को दी करियर ओरिएंटेशन की जानकारी


मंडी, 30 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार के अपना विद्यालय–द हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के तहत उद्यान विकास अधिकारी डॉ. अनुपमा मैहरा ने गोद लिए गए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें भविष्य के लिए सही दिशा चुनने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान डॉ. अनुपमा मैहरा ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और अनुशासन भी महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने, नियमित शारीरिक व्यायाम करने तथा दैनिक जीवन में अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया। एकाग्रता बढ़ाने के लिए प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट योग या ध्यान करने की सलाह भी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्किल, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और समयबद्धता जैसे गुण विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। डॉ. मेहरा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन और सहयोग के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार तथा समस्त शिक्षक वर्ग का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियां समय-समय पर आयोजित की जाती हैं। इसी कड़ी में अगले माह छोटे विद्यार्थियों के लिए भी करियर ओरिएंटेशन एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story