सतलुज में समाई कार का सुराग नहीं, एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
सतलुज में समाई कार का सुराग नहीं, एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा


शिमला, 16 जून (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक कार के सतलुज नदी में गिर जाने के बाद चालक और वाहन की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हादसा कुमारसेन थाना अंतर्गत सुन्नी-लुहरी सड़क पर नौरी क्षेत्र के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए सीधे सतलुज नदी में जा गिरी।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक मोटर मैकेनिक की दुकान चलाने वाले मानसुख ने बताया कि वह सोमवार शाम अपनी दुकान के पास मौजूद था। करीब छह बजे उसने पराशन की ओर से लुहरी-सैंज की तरफ जा रही सफेद और सिल्वर रंग की एक कार को देखा। इसी दौरान नौरी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार कार पहले खाई में एक बार पलटी और उसके बाद सीधे सतलुज नदी के बीचोंबीच जा गिरी। देखते ही देखते वाहन नदी के तेज बहाव में समा गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि हादसा वाहन चालक की कथित लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है।

इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। रात के समय ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। मंगलवार को वाहन और उसमें सवार व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

प्रशासन के अनुसार नदी में तेज बहाव के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसी वजह से नाथपा हाइड्रो प्रोजेक्ट से पानी रोके जाने के बाद एनडीआरएफ की टीम को नदी में उतरकर तलाशी अभियान चलाने की योजना बनाई गई। मौके पर कुमारसैन थाना प्रभारी, पुलिस चौकी सैंज के कर्मचारी और अन्य अधिकारी मौजूद हैं।

कुमारसैन के एसडीएम भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। अभी तक कार और उसमें सवार व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया था। पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीमें तलाश अभियान में जुटी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story