गाड़ी खड़ी थी गैराज में और गड़ा मोड़ टोल प्लाजा पर कट गया टोल

WhatsApp Channel Join Now
गाड़ी खड़ी थी गैराज में और गड़ा मोड़ टोल प्लाजा पर कट गया टोल


मंडी, 18 मई (हि.स.)। अब इसे चमत्कार को नमस्कार कहें या फिर आधुनिक तकनीक का कमाल या फिर पैसा बटोरने के लिए चल रही धक्केशाही, मगर हैं तो हैरान करने वाली बात है कि गाड़ी गैराज में खड़ी और उसका आधी रात को फोरलेन पर मंडी चंडीगढ़ के बीच टोल प्लाजा गड़ा मोड़ पर टोल कट जाए। मंडी शहर के रामनगर मंगवाई निवासी युगल किशोर शर्मा उर्फ काकू पंडित ब्रदर्स सोमवार सुबह उस समय हैरान परेशान हो गए जब उनके मोबाइल पर यह संदेश आया कि 17 मई की रात को 23 बजकर 32 मिंट और 53 सैकंड पर मोड़ा फी प्लाजा पर उनकी गाड़ी यानी कार एचपी 33एफ2038 का 155 रूपए टोल कट गया है और अब उनके वैलेट यानी खाते में जीरो बैलेंस हो गया है। हैरान परेशान युगल किशोर ने तुरंत अपने घर व दुकान में ही बने गैराज का दरवाजा खोला तो पाया कि कार तो वहीं खड़ी है, चोरी भी नहीं हुई है, घर में दो मियां बीबी ही हैं, चलाने वाला भी कोई और नहीं है, गैराज का बकायदा कुंडी ताला भी लगा हुआ था।

उन्होंने बताया कि वह दिन भर संदेश में आए टोल फ्री नंबर जो शिकायत के लिए दिया होता है पर कोशिश करते रहे मगर कॉल नहीं लगी। अब उन्होंने इसकी शिकायत उच्च स्तर पर करने का निर्णय लिया है। गैराज में खड़ी गाड़ी का आधी रात को 100 किलोमीटर दूर टोल कट जाना हैरानी का विषय बना हुआ है। उनका कहना है कि वह हर हालत में इसकी शिकायत करेंगे और जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। साथ ही अपना 155 रूपए भी वसूल करेंगे। यूं वह पूरा दिन इसे लेकर परेशान दिखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story