मंडी के पास बैहना में फोरलेन पर रेस्तरां की रसोई में जा घुसी कार, पांच घायल
मंडी, 14 जून (हि.स.)। मंडी के पास बैहना मलोरी में फोरलेन पर रविवार सुबह पर्यटकों की एक कार यूपी 16 एफएम-5586 सुकेती खड्ड किनारे बने एक रेस्तरां की रसोई को चीरते हुए खड्ड किनारे जाकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए। रेस्तरां के कर्मचारियों ने तुरंत फोरलेन की एंबुलेंस व बल्ह थाना व गागल पुलिस चौकी को सूचित किया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर बल्ह थाना रत्ती व गागल चौकी से भी पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जोनल अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए व दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक आकलन व दुर्घटना का कारण तेज गति से कार के बेकाबू होने या फिर चालक को नींद की झपकी आ जाना माना जा रहा है। यह हादसा सुबह पांच बजे के आसपास पेश आया।
कार में पर्यटक उत्तर प्रदेश के नोयडा से कुल्लू मनाली की ओर जा रहे थे। यह भी माना जा रहा है कि रात भर सफर करते रहने के चलते ही सुबह के वक्त नींद आ जाने से यह हादसा हुआ है। पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। घायलों में कुशल भारती, यश 20, ललित 23, अर्चना 23 व सूरज 22 हैं। इनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके परिजनों को सूचित कर दिया है। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है।
रीवर हाइट नाम के रेस्तरां की रसोई इस हादसे में पूरी तरह से तहस नहस हो गई है। मालिकों के अनुसार उनका लाखों का नुकसान इस हादसे में हो गया है जिसकी पूर्ति की जानी चाहिए। तेज गति व दिन रात चलते रहने से फोरलेन पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
इसी बीच पिछले कई दिनों से मंडी से कुल्लू के बीच फोरलेन पर पर्यटकों की बेहद आवाजाही से लग रहे लंबे जाम से रविवार को कुछ राहत मिली। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने मौके पर पहुंच कर लगातार निगरानी की तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करके यातायात को सुचारू किया। इससे रविवार को बड़ी राहत रही अन्यथा इस मार्ग पर पिछले एक सप्ताह से 20 से 30 किलोमीटर लंबा जाम लग रहा था तथा कुछ मिंटों के सफर के लिए कई कई घंटे लग रहे थे। एक तरह से वाहन रेंगते ही नजर आए।
गौरतलब है कि इस समय हिमाचल प्रदेश में इतने अधिक पर्यटक आ गए हैं या आ रहे हैं कि सड़कें, होटल व अन्य संसाधन छोटे पड़ गए हैं। होटल एसोसिएशन को एक एडवाइजरी जारी करके देश विदेश के पर्यटकों से आह्वान करना पड़ा है कि एडवांस बुकिंग करके ही हिमाचल की ओर रूख करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

