सचिवालय में आयुष्मान आरोग्य शिविर, 350 अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
शिमला, 30 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं महासंघ की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिमाचल प्रदेश सचिवालय के सहयोग से बुधवार को सचिवालय परिसर में एक दिवसीय ‘आयुष्मान आरोग्य शिविर’ का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने सुबह 10:30 बजे शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में सचिवालय के करीब 350 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आम लोगों ने भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर आवश्यक जानकारी और परामर्श दिया।
सचिवालय सेवाएं महासंघ ने कहा कि शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को उनके कार्यस्थल पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। महासंघ की ओर से भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

