नौहराधार चुड़धार सड़क पर बस ट्रायल सफल

WhatsApp Channel Join Now
नौहराधार चुड़धार सड़क पर बस ट्रायल सफल


नाहन, 18 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर जिले के नौहरा धार – चुड़धार सड़क मार्ग पर शनिवार को बहुप्रतीक्षित बस ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 8 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग पर अधिकारियों ने विधिवत निरीक्षण करते हुए बस से यात्रा की।

इस अवसर पर एसडीएम सुनील कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) खजान सिंह तथा क्षेत्र के अन्य अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि बस में सवार होकर सड़क की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रायल के सफल रहने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।स्थानीय लोगों ने कहा कि इस सड़क के बनने से चुड़धार और आसपास के गांवों के लोगों को आवाजाही में बड़ी सुविधा मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान होगी।

इस मौके पर स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराने में सहयोग देने वाले सभी संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से रेणुका विधायक एवं कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के योगदान की भी सराहना की गई व आभार व्यक्त किया। लोगों ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी, जो अब पूरी होने से विकास को नई गति मिलेगी।साथ ही चारना गुदग धार सड़क करीब 6 किलोमीटर का भी सफल ट्रायल रोड फिटनेस कमेटी द्वारा किया गया

बस ट्रायल की सफलता के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही इस मार्ग पर नियमित बस सेवा भी शुरू कर दी जाएगी, जिससे नोहरा धार और चूड धार क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story