जिस्पा-दिल्ली वोल्वो बस सेवा 28 मई से शुरू

WhatsApp Channel Join Now

केलांग, 27 मई (हि.स.)। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) द्वारा 28 मई से जिस्पा और दिल्ली के बीच वोल्वो बस सेवा शुरू की जा रही है। यह सुविधा पर्यटकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आरामदायक एवं सुविधाजनक सफर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन पिछले वर्ष से लाहौल घाटी को वोल्वो बस सेवा से जोड़ने के प्रयास कर रहा था, ताकि लोगों को सीधी और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि अब देश की राजधानी दिल्ली से पर्यटक अटल टनल के रास्ते सीधे सिस्सू, केलांग होते हुए जिस्पा तक पहुंच सकेंगे। इससे पहले वोल्वो बस सेवा केवल मनाली तक ही सीमित थी।

बस की समय सारणी के अनुसार वोल्वो बस दिल्ली से रात्रि 8:00 बजे रवाना होगी। इसके बाद बस चंडीगढ़ से रात्रि 1:20 बजे, मंडी से प्रातः 4:20 बजे, कुल्लू से सुबह 6:30 बजे, मनाली से सुबह 8:00 बजे और केलांग से सुबह 11:00 बजे प्रस्थान करते हुए दोपहर 12:00 बजे जिस्पा पहुंचेगी।

वापसी में यह बस जिस्पा से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। बस केलांग से शाम 4:40 बजे, मनाली से रात्रि 8:00 बजे, कुल्लू से रात्रि 9:10 बजे, मंडी से रात्रि 11:30 बजे और चंडीगढ़ से प्रातः 3:00 बजे होते हुए सुबह 7:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि इस वोल्वो सेवा के शुरू होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी बेहतर एवं सुगम यातायात सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने लोगों और पर्यटकों से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story