खैरी-सराहां रूट पर बस का समय बदलने पर भड़के ग्रामीण, डीसी से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 17 अप्रैल (हि.स.)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 10 पंचायतों के दर्जनों ग्रामीणों ने आज जिला मुख्यालय नाहन पहुंचकर जिला प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। निजी बस की समय सारणी में किए गए बदलाव से नाराज ग्रामीणों ने डीसी सिरमौर से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपकर पुरानी समय सारणी को बहाल करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि खैरी से सराहां मार्ग पर चलने वाली निजी बस के समय में बदलाव होने से स्कूली बच्चों, कॉलेज के छात्रों और सरकारी व निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सुबह के समय यह एकमात्र प्रमुख साधन था, जिससे सैकड़ों लोग अपने गंतव्य तक पहुँचते थे।

प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को बताया कि पहले यह बस खैरी से सुबह 8:10 बजे सराहां के लिए रवाना होती थी, जो शैक्षणिक संस्थानों और कार्यालयों के समय के अनुकूल थी। मगर नए शेड्यूल के अनुसार अब इस बस को सुबह 6:10 बजे ही रवाना होना पड़ेगा। ग्रामीणों का तर्क है कि सुबह इतनी जल्दी बस चलने से अधिकांश लोग इस सेवा का लाभ नहीं उठा पाएंगे और क्षेत्र के लोग परिवहन सुविधा से वंचित हो जाएंगे।

पच्छाद की 10 पंचायतों से आए लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि समय सारणी को वापस नहीं बदला गया, तो ग्रामीणों को निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ेगा, जो आर्थिक रूप से भी उन पर बोझ डालेगा। उन्होंने मांग की है कि जनहित को देखते हुए बस को पूर्व निर्धारित समय यानी सुबह 8:10 पर ही चलाया जाए ताकि छात्रों और आम जनता को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story