दिवाली पर चंडीगढ़ से नाहन आने वाले यात्रियों को बसों की कमी से हो रही परेशानी : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
दिवाली पर चंडीगढ़ से नाहन आने वाले यात्रियों को बसों की कमी से हो रही परेशानी : भाजपा


नाहन, 07 नवंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन विशेषतौर पर दिवाली के उपलक्ष्य पर अपने घर आने वाले नाहन के लोगों को बसों में सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ में नौकरी करने और पढ़ाई के लिए रहने वाले लोगों को नाहन आने के लिए बसों में टिकट और सीट नहीं मिल रही हैं। इसके चलते यात्रियों को कई-कई घंटे तक बस अड्डे पर लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बिक्रम वर्मा ने शनिवार को नाहन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि दिवाली के त्योहार के चलते दूसरे शहरों में रहने वाले लोग अपने घर लौट रहे हैं। इनमें नाहन के वे लोग भी शामिल हैं, जो चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं या पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे यात्रियों को चंडीगढ़ से नाहन आने के लिए बसों में टिकट और सीट मिलने में परेशानी हो रही है। कई घंटे इंतजार करने के बाद भी उन्हें बस में जगह नहीं मिल पा रही है।

बिक्रम वर्मा ने बाहरी राज्यों से नाहन आने वाली बसों का मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्यों से आने वाली कुछ बसें नाहन बस अड्डे तक नहीं पहुंच रही हैं। इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों को नाहन से करीब दो किलोमीटर पहले दो सड़का पर उतार दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों में सीटों की उपलब्धता और बाहरी राज्यों से आने वाली बसों के नाहन तक संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए, जिससे घर लौटने वाले लोगों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story