नाहन में तोडी गई दो शिलान्यास पट्टिकाएं

WhatsApp Channel Join Now
नाहन में तोडी गई दो शिलान्यास पट्टिकाएं


नाहन, 20 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगते कांशी वाला और बोगरिया में 16 अप्रैल को विधायक नाहन ने काशीवाला–जबलबाग–बनोग रोड तथा गोशाला से बोगरिया रोड की शिलान्यास पट्टिकाओं की स्थापना की थी। मुख्यमंत्री ने नाहन दौरे के दौरान इनके शिलान्यास किये थे। लेकिन रविवार को कुछ शरारती तत्वों ने दोनों शिलन्यास पट्टिकाओं को तोड़ डाला। इस घटना से इलाके ने तनाव भी हो गया।

इन घटनाओं पर विधायक नाहन अजय सोलंकी ने कहा कि घटना को समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्य भाईचारे को कमजोर करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि नाहन की पहचान प्रेम, एकता और आपसी सद्भाव से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की घटनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरी असली पट्टिका पत्थरों पर नहीं, नाहन की जनता के दिलों में है और उसे कोई तोड़ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और यह किसी एक व्यक्ति या दल की संपत्ति नहीं है। उन्हें किसी भी कार्य का श्रेय लेने की कोई लालसा नहीं है, और यदि उनके द्वारा किए गए कार्यों पर भी कोई अन्य अपना नाम अंकित करता है, तो उन्हें उससे भी कोई आपत्ति नहीं है। उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण नाहन का निरंतर विकास और जनता का विश्वास है।

विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस घटना को लेकर भावनाओं में न बहें, शांति बनाए रखें और सेवा भाव के साथ जनता के बीच कार्य करते रहें। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी के मन में सद्भावना, एकता और सकारात्मक सोच बनी रहे तथा ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों को भी सद्बुद्धि प्राप्त हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story