योग सप्ताह : एक पेड़ माता-पिता के नाम अभियान दौरान किया वृक्षारोपण
मंडी, 20 जून (हि.स.)। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी में 15 जून से 20 जून तक अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ योग सप्ताह का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और स्टाफ में शारीरिक तंदुरुस्ती, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन शैली को बढ़ावा देना रहा। इस सप्ताह के दौरान कक्षा दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के छात्रों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए गए जिसमें आर्ट ऑफ लिविंग की टीम ने विशेष रूप से शिरकत कर योग प्रदर्शन और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से बच्चों को आंतरिक शांति व समग्र कल्याण का पाठ पढ़ाया।
पूरे स्कूल परिसर में योग दिवस से संबंधित सुंदर प्रदर्शनियां और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी कड़ी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्कूल के इको क्लब द्वारा माननीय प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया की उपस्थिति में “एक पेड़ माता-पिता के नाम” मुहिम के तहत एक भव्य वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें छात्रों ने अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पौधे रोपे। 20 जून को इस योग सप्ताह का भव्य समापन हुआ, जिसमें दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षाओं के साथ-साथ कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से योग सत्र में शामिल किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

